बकायेदार की तलाश में दबिश दी
कैराना (शामली)। दंगा विस्थापित कॉलोनी अलफलाह के लिए दान दी गई भूमि पर ऋण बकाया की वसूली के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नायब तहसीलदार ने राजस्व विभाग की टीम के साथ बकायेदार को पकड़ने के लिए दबिश दी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगा।
कैराना क्षेत्र के ग्राम दभेड़ीखुर्द स्थित विस्थापित अलफलाह कॉलोनी के निर्माण के लिए हाजी दिलशाद ने दभेड़ी खुर्द में 21 बीघा जमीन तैय्यब ट्रस्ट को दान में दी थी। इस दौरान तैय्यब ट्रस्ट देवबंद की ओर से मकान बनवाए गए थे, जहां पर वर्तमान में लगभग 305 परिवार निवास कर रहे हैं। उक्त कॉलोनी की भूमि पर पीएनबी कैराना का लगभग 16 लाख रुपये का ऋण बकाया की वसूली के लिए आरसी तहसील को भेजने के बाद विस्थापितों की मुश्किलें बढ़ती दिख रही है। बृहस्पतिवार को एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार कामेंद्र गुप्ता ने ऑपरेशन वसूली के तहत राजस्व टीम के साथ बकायेदार की धरपकड़ के लिए दबिश दी। नायब तहसीलदार के अनुसार आरोपी बकायेदार टीम को देखते ही मौके से फरार हो गया। इसके बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई, जिस पर कोतवाली से पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा आरोपी को तलाश किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने मौके पर मामला शांत करा दिया, जिसके बाद टीम बैरंग ही लौट आई। एसडीएम डा अमित पाल शर्मा ने बताया कि सरकारी पैसों की वसूली के लिए आपरेशन वसूली चलाया जा रहा है।