सराफ को सीने में मारी गोली, हालत गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। दिल्ली रोड पर बलवा गेट के पास युवा सराफ को घेर कर गोली मार दी गई। उसके सीने में गोली लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। जानलेवा हमले में कांधला निवासी महबूब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोप है कि रंजिश के कारण गोली मारी गई।
शामली में चौधरी चरण सिंह कालोनी निवासी (मूल निवासी गांव बलवा) हर्ष वमाऱ पुत्र वीरेंद्र वर्मा की कांधला क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत में सराफा की दुकान है। पड़ोस में ही कांधला निवासी महबूब की पूर्व में लोहार की दुकान थी। कुछ समय पूर्व महबूब ने भी सराफ की दुकान खोल ली। इसकी वजह से दोनों दुकानदार में विवाद चला आ रहा है। विवाद इतना बढ़ा कि धमकी तक दी जाने लगीं। उधर, मंगलवार सुबह करीब नौ बजे हर्ष वर्मा बाइक से अपनी दुकान खोलने गढ़ी दौलत जा रहा था। जब वह दिल्ली रोड पर गांव बलवा गेट के निकट पहुंचा, तो बाइक सवार एक युवक ने लात मारकर हर्ष की बाइक गिरा दी। इसके बाद तमंचे से हर्ष को गोली मारकर आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलने पर शामली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद घायल हर्ष को शामली के चिकित्सालय लाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। घायल हर्ष वर्मा के पिता वीरेंद्र वर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर कांधला निवासी महबूब पर गोली मारने का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी महबूब को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार सिंह का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
महत्वपूर्ण
प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर किया गया, कांधला निवासी महबूब के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
रंजिश के चलते गोली मारने का लगाया आरोप