शामली। बाबरी क्षेत्र के गांव हाथी करौदा निवासी रामपाल सिंह ने एसपी ऑफिस में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसके दामाद का चाल चलन अच्छा नहीं है और अपराधी किस्म का व्यक्ति है। आरोप है कि वह पुलिस से छिपने के लिए गांव हाथी करौदा में छिपा हुआ है। इससे उसे जान का खतरा बना हुआ है। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की है।
काबड़ौत अड्डे पर दुकान में चोरी
शामली। गांव काबड़ौत निवासी संतराम ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसकी दुकान काबड़ौत बस अड्डे पर है। दुकान में वह कोल्डड्रिंक और अन्य सामान बेचता है। आरोप है कि रोजाना की भांति वह सोमवार की शाम अपने गांव चला गया था। मंगलवार सुबह जब वह पहुंचा तो उसकी दुकान से चोरों ने कोल्डड्रिंक की बोतल, 13 सौ रुपये नकदी तथा अन्य सामान चोरी कर लिया। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानलेवा हमला किया
शामली। मोहल्ला हाजीपुरा निवासी नसीम ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसके पुत्र ने मोहल्ले के एक युवक को 30 हजार रुपये उधार दिए थे। अब आरोपी रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। सोमवार की दोपहर आरोपी ने उसके घर में घुसकर पुत्र मोहसीन पर हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की है।