गन्ना समिति की जमीन पर नगर पंचायत बनवा रहा शौचालय
झिंझाना।
कस्बा झिंझाना में डाकघर के पास गन्ना समिति की जमीन पर नगर पंचायत ने अवैध कब्जा कर शौचालय का निर्माण प्रारंभ करा दिया है। गन्ना समिति कर्मी ने इसका विरोध किया, तो नगर पंचायत कर्मियों ने धमकाकर भगा दिया।
झिंझाना में गन्ना समिति का उपगोदाम है, जो करीब दो साल से बंद पड़ा है। उक्त जमीन की चहारदीवारी न होने के कारण नगर पंचायत ने वहां शौचालय निर्माण कार्य शुरू कर दिया। नगर पंचायत झिंझाना ने शौचालय निर्माण के लिए करीब डेढ़ सौ गज जगह पर कब्जा शुरू कर दिया। रातोंरात यहां पर ईंट डलवा दी गई और कार्य प्रारंभ कर दिया गया। गन्ना समिति के कर्मचारी ने इसका विरोध किया तो नगर पंचायत कर्मचारी ने उसे मौके से भगा दिया। उधर, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र मिश्रा का कहना है कि अभी मैं किसी जरूरी कार्य से लखनऊ आया हूं। शौचालय का निर्माण तो चल रहा है, लेकिन उन्हें जानकारी नहीं है कि उक्त जमीन किसकी है। यदि जमीन गन्ना समिति की है, तो उस पर नगर पंचायत निर्माण नहीं कराएगी।
-- वर्जन --
हमें इस बात की जानकारी नहीं है। गन्ना समिति के सचिव से वार्ता करेंगे। यदि अवैध निर्माण हो रहा है तो कार्रवाई कराई जाएगी। -अनिल भारती, जिला गन्ना अधिकारी