थानाभवन। गांव फूसगढ़ स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार और पांच की दो छात्राओं ने अध्यापक के कहने पर टाट पट्टी इकट्ठा नहीं की। इस पर नाराज अध्यापक ने छात्राओं की पिटाई कर दी। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव फूसगढ निवासी धर्मेंद्र की पुत्री साक्षी गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार और चमन की पुत्री खुशी कक्षा पांच की छात्रा है। धर्मेंद्र ने थानाध्यक्ष को तहरीर देकर बताया कि बृहस्पतिवार को साक्षी और खुशी स्कूल में पढ़ने गई थीं। आरोप है कि स्कूल की छुट्टी होने के बाद अध्यापक प्रदीप ने दोनों को कमरे में बिछी टाट पट्टी इकट्ठा करने के लिए कहा। छात्राओं ने मना कर दिया तो उनकी पिटाई कर दी गई। घर लौटने पर छात्राओं ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने गांव के ही चिकित्सक से दोनों छात्राओं का उपचार कराया। फिर दोनों छात्राओं को साथ लेकर परिवार के लोग थानाभवन थाने पहुंचे और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार का कहना है कि परिजनों की तहरीर के बाद दोनों छात्राओं का मेडिकल कराया जा रहा है, जिसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। उधर, फूसगढ़ गांव के ही अमित ने भी थानाध्यक्ष को तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी सलोनी के साथ भी अध्यापक ने मारपीट की।
दोनों लड़कियों को होमवर्क करने के लिए दिया गया था, लेकिन उन्होंने होमवर्क पूरा नहीं किया। इस कारण लड़कियों को डांटा गया था। ताकि वह भविष्य में लापरवाही न बरतें। छात्राओं की पिटाई नहीं की गई, आरोप निराधार हैं। - प्रदीप, अध्यापक।
इस बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। यदि अध्यापक ने छात्राओं की पिटाई की है, तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। -- योगेश गुप्ता, खंड शिक्षा अधिकारी।