दिल्ली रोड पर एक धर्मकांटे के पास खड़ी मिली महेंद्रा एक्सयूवी से सनसनी फैल गई। कार के फ्रंट शीशे पर गोली लगने का निशान है और चालक की सीट पर खून पड़ा मिला। कार शामली कोतवाली पुलिस ने कब्जे में ले रखी है। मालूम चला है कि उक्त कार दो दिन से मेरठ के सरधना क्षेत्र से चालक सहित लापता है। उसकी रिपोर्ट भी सरधना थाने में दर्ज है।
शहर के दिल्ली रोड पर धर्मकांटा संचालक को बृहस्पतिवार दोपहर महेंद्रा एक्सयूवी नंबर यूपी 15 बीवी 9889 कार खड़ी मिली। शुक्रवार सुबह धर्मकांटा संचालक ने डायल-100 पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की, लेकिन कार चालक अथवा उसके मालिक का कुछ पता नहीं चला। कार के फ्रंट शीशे पर गोली लगने का निशान था, जबकि ड्राइवर वाली सीट पर ब्लड पड़ा था। इसके बाद कार शामली कोतवाली के सुपुर्द कर दी गई। उधर, बाद में मालूम चला कि उक्त कार दो दिन पूर्व चालक सहित लापता है। जिसकी रिपोर्ट मेरठ के सरधना थाने में लिखी गई है। कोतवाली प्रभारी अवनीश गौतम ने बताया कि सरधना पुलिस को कार के बारे में सूचना दे दी गई है। सरधना पुलिस आकर कार को ले जाएगी। वहीं से एक व्यक्ति इस कार के साथ लापता बताया गया है।