शामली। क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने 17 वर्षीय पुत्री की हत्या के मामले में निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग को लेकर डीएम आलोक यादव को प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने शव को कब्र से निकलवाकर मेडिकल बोर्ड से दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।
सोमवार को पीड़ित ने दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी पुत्री की 22 मई को मौत हुई थी। आरोप है कि उसकी पुत्री की दुष्कर्म के बाद हत्या की गई। पुलिस ने एक ही आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की, जबकि अन्य आरोपितों के विरुद्ध अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित का कहना है कि घटना से संबंधित एक वीडियो उनके मोबाइल फोन में मौजूद था, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
आरोप लगाया कि वीडियो को विवेचना में शामिल नहीं किया जा रहा है। पीड़ित ने किशोरी के शव को कब्र से निकलवाकर तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड से दोबारा पोस्टमार्टम कराने, गर्भावस्था एवं अन्य तथ्यों की जांच कराने और डीएनए परीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही इस मामले की विवेचना सीओ थानाभवन से हटाकर अन्य सीओ से कराने की मांग की। डीएम ने पीड़ित को जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।