थानाभवन। नगर में दिल्ली-सहारनपुर मार्ग स्थित बजाज शुगर मिल के परिसर में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की शाखा में शुक्रवार देर रात चोरी का प्रयास किया गया। अज्ञात बदमाश बैंक की दीवार में सेंध लगाकर अंदर घुस गया, लेकिन नकदी या अन्य कीमती सामान तक नहीं पहुंच सका।
चोरी में असफल रहने पर बदमाश ने बैंक के कंप्यूटर, मॉनिटर व अन्य उपकरणों में तोड़फोड़ की और मौके से भाग गया। घटना की जानकारी शनिवार सुबह उस समय हुई, जब बैंक का सफाई कर्मचारी रोजाना की तरह शाखा पहुंचा। अंदर का सामान बिखरा और क्षतिग्रस्त देखकर उसने तत्काल बैंक प्रबंधन को सूचना दी। इसके बाद शाखा प्रबंधक और बैंक के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई। बैंक की सुरक्षा टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाभवन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। फोरेंसिकटीम व डॉग स्क्वायड टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन आरोपी की पहचान नहीं हो सकी।
शाखा प्रबंधक निश्चय अग्रवाल ने बताया कि घटना की सूचना बैंक के उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। सीओ थानाभवन श्याम सिंह का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच और आरोपी की तलाश की जा रही है। उसे जल्द गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।