शामली। पुलिस ने लोगों को लोन व बीमा कराने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने के शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ठगी गई रकम के 40 हजार रुपये और मोबाइल फोन बरामद किया है।
आदर्श मंडी थाने पर चार दिन पहले 17 फरवरी को उपनिरीक्षक मोहित कुमार की तरफ से दीपक निवासी गांव मुंडेट कला के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। आरोपी के विरुद्ध मिल रही शिकायतों की जांच करने पर सामने आया था कि वह लोगोंं से लोन दिलाने व बीमा कराने का झांसा देकर कई लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर चुका है। एसपी एनपी सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की थी।
सीओ सिटी अपेक्षा निंबाडिया ने बताया कि साइबर सेल, आदर्शमंडी व कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी दीपक को गिरफ्तार किया गया। आरोपी से 40 हजार रुपये, एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरोपी के विरुद्ध जिला मुजफ्फनगर के थाना नई मंडी में रोहित समेत पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी।
-
12वीं पास रोहित रोजगार की तलाश करते बन गया शातिर ठग
शामली। सीओ ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह 12वीं तक पढ़ा है और काफी समय से बेरोजगार था। रोजगार की तलाश के दौरान वह कुछ फाइनेंस कंपनियों के संपर्क में आ गया था। वहां से लोन किस प्रकार दिलाया जाता था, उसकी जानकारी कर ली थी। इसके बाद उसने कई फाइनेंस व पॉलिसी बाजार कंपनियों के आनलाइन लोन कोड प्राप्त कर लिए थे। इसके बाद उसने लोगों को होम लोन व कर्मिशियल लोन दिलाने का काम शुरू कर दिया था। सीओ के मुताबिक आरोपी ने पीरखेड़ा निवासी व्यक्ति से सात लाख का लोन करवाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये की ठगी की थी और उसी के रिश्तेदार से भी लोन के नाम पर लगभग 50 हजार रुपये ठग लिए थे। गांव टिटौली निवासी महबूब से तीन लाख रुपये का लोन कराने का झांसा देकर 28 हजार रुपये ठग लिए थे।
इसी दौरान आरोपी ने कुछ लोगों से आनलाइन ठगी की। ग्रेटर नोएडा की रहने वाली महिला से 9,750 रुपये तथा शामली निवासी व्यक्ति व्यक्ति से 69 हजार रुपये तथा सहारनपुर के रहने वाले व्यक्ति से लोन दिलाने के नाम पर लगभग 17 हजार रुपये की थी। जब भी कोई शिकायत करता था तो थोड़े बहुत पैसे वापस करके मामले ठगी की थी। इसके अलावा मनीष निवासी भौरांकला से लगभग साढ़े चार लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी।