शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में बलवा चौराहे के निकट तीन दिन पहले हादसे में घायल स्कूटी सवार फैक्टरी कर्मचारी अमित की मौत हो गई। हादसे में घायल उसके साथी का उपचार चल रहा है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गांव कुड़ाना निवासी मनोज कुमार ने शहर कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि 12 दिसंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे उसका भाई अमित और उसका साथी स्कूटी पर सवार होकर गांव से नए बाईपास होते हुए कंडेला इंडस्ट्रीयल एरिया में स्थित फैक्टरी में अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। बलवा चौराहे के निकट अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से स्कूटी सवार दोनों युवक गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां से अमित को मेरठ रेफर कर दिया था। मेरठ इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में अमित की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।