चौसाना। लक्ष्मीपुरा गांव के आईटीआई छात्र गोविंद हत्याकांड में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, हालांकि अभी आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि छात्र का पहला गला दबाया गया। इसके बाद उसके शरीर को जलाने की आशंका है।
सोमवार रात गोविंद अपने घर के घेर में सो रहा था, तभी वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। मंगलवार सुबह उसका जला हुआ शव गांव के ही एक कुएं में मिला। परिजनों ने अज्ञात लोगों पर हत्या कर शव को जलाकर कुएं में फेंकने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मंगलवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा, जहां शमशान घाट पर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। बेटे की मौत से पिता सुखबीर समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी परिवार को सांत्वना देने में जुटे रहे।
उधर, पुलिस ने आरोपियों की तलाश में सहारनपुर, शामली, कैराना समेत कई स्थानों पर दबिश दी। हिरासत में लिए गए दो लोगों से पूछताछ जारी है। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया जाएगा।