शामली/बनत। सोशल मीडिया के माध्यम से राजस्थान के श्रीगंगानगर के पशुपालक ने गाय को आठ माह की गर्भवती बताकर बेच दिया। जब दो माह बाद भी गाय ने बच्चा नहीं दिया तो खरीदार ने डाॅक्टर को दिखाया। पता चला कि गाय गर्भवती नहीं है। इसके बाद खरीदार पशुपालक ने जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग में अपील की। अब आयोग ने मालिक फार्म टॉक यू ट्यूब चैनल समेत दो लोगों पर 2.25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। गागौर गांव निवासी किसान विपिन कुमार ने 24 अक्तूबर 2023 को आयोग में परिवाद दायर किया था। उन्होंने बताया कि 23 जुलाई 2023 को सोशल मीडिया पर राजस्थान के श्रीगंगानगर के कमीनपुरा स्थित मालिक फार्म टॉक यूट्यूब चैनल पर गाय बिक्री का वीडियो देखा था। इसमें एक गाय की कीमत 45 हजार रुपये बताई गई थी, जिसे आठ माह की गर्भवती और प्रतिदिन 14 किलो दूध देने वाली बताया गया था।
वीडियो में दिए गए संपर्क नंबर पर बात करने के बाद 45 हजार रुपये में गाय का सौदा तय हुआ। परिवादी ने 30 हजार रुपये ऑनलाइन भेज दिए, जबकि शेष राशि डिलीवरी के समय देने की सहमति बनी। 24 जुलाई 2023 को गाय उनके घर पहुंच गई। बाकी रुपये डिलीवरी के समय दे दिए।
दो माह बाद भी गाय ने बच्चा नहीं दिया तो पशु चिकित्सकों से जांच कराने पर स्पष्ट हुआ कि गाय गर्भवती नहीं थी। मामले की सुनवाई के बाद आयोग के चेयरमैन हेमंत कुमार गुप्ता ने आरोपियों श्रीगंगानगर के कमीनपुरा निवासी शीशपाल पुत्र राजकुमार और मालिक फार्म टॉक यूट्यूब चैनल (गोवर्धन एवं संवर्धन चैनल) के संचालक जयपाल सिंह को दोषी मानते हुए 20 हजार रुपये मुआवजा, 5 हजार रुपये वाद व्यय और दो लाख रुपये का अर्थदंड लगाने का आदेश दिया। 45 दिन के भीतर भुगतान न करने पर उपभोक्ता अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।