शामली महिला थाने में आत्मदाह का प्रयास करने वाली विवाहिता को थाने में ले जाती महिला । संवाद
शामली/बनत। कई बार शिकायत करने के बावजूद ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से क्षुब्ध खेड़ी करमू गांव की विवाहिता परमीता ने बुधवार महिला थाने के बाहर पेट्रोल छिड़क आत्मदाह का प्रयास किया। महिला पुलिसकर्मियों, लोगों और होमगार्ड ने किसी तरह महिला की जान बचाई। पीड़िता ने पति समेत पांच के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बुधवार को करीब 11 बजे एक महिला थैले में पेट्रोल से भरी बोतल लेकर पहुंची। महिला थाने के बाहर पहुंचते ही उसने थैले से बोतल निकाली और खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया। हाथ में माचिस निकालकर आग लगाने ही वाली थी कि अचानक वहां खड़े स्थानीय निवासी राजेश, हेड कांस्टेबल, होमगार्ड और महिला पुलिसकर्मियों ने दौड़कर उसे बचा लिया। पीड़िता ने खुद का नाम खेड़ी करमू गांव की परमीता बताया। बताया कि उसकी शादी करीब डेढ़ साल पूर्व कुड़ाना निवासी युवक से हुई थी। ससुराल के लोग आए दिन मारपीट करते थे और उसे पीटकर घर से निकाल दिया गया। उसने मामले की शिकायत वन स्टॉप सेंटर के अधिकारियों, पुलिस और अन्य अधिकारियों से भी की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई, जिससे क्षुब्ध होकर वह आत्मदाह करना चाहती थी।
महिला थाना प्रभारी मोनिका चौहान ने बताया कि पीड़िता ने महिला थाने पर कोई पूर्व शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। उसने वन स्टॉप सेंटर पर पहले शिकायत की थी। पीड़िता ने पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी है। मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।