शामली। उधार दिए रुपये का तकादा करने पर महिला समेत चार लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप है। न्यायालय के आदेश पर शहर कोतवाली में आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शहर के मोहल्ला धीमानपुरा निवासी सुरेंद्र सिंह ने न्यायालय के आदेश पर शहर कोतवाली में दर्ज कराई कराई प्राथमिकी में बताया कि उनके पड़ोस में रंजन व उसकी मां सुमित्रा हाल निवासी माजरा रोड अग्रवाल काॅलोनी किराये के मकान में रहती थीं। पीड़ित के मुताबिक जनवरी 2016 में मां-बेटी ने निजी आवश्यकता बताते हुए चार लाख रुपये उधार लिए थे और एक वर्ष में वापस करना तय किया था। एक वर्ष पूरा होने पर जब उसने अपने रुपये वापस मांगे तो वे टाल मटोल करते रहे और समय मांगने लगे। इस मामले में उसने शहर कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया। इसके बाद एसपी और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद रंजन ने एक समझौतानामा में लिखकर उसे 90 हजार रुपये देना बताया और बाकी तीन लाख 10 हजार रुपये वापस करने का छह माह का समय मांगा। छह माह बाद जब उसने अपने रुपये मांगे तो उसके साथ गाली गलौज करते हुए रुपये देने से मना कर दिया। पीड़ित के मुताबिक 31 अगस्त की दोपहर सुमित्रा, उसकी पुत्री रंजन, पुत्र गौरव व आशीष उसके घर में घुस गए और उसके साथ मारपीट करते हुए झूठे केस में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी। आसपास के लोगों के आने पर आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।