कैराना। शनिवार शाम गांव हिंगोखेड़ी में पुरानी रंजिश के चलते किसान संजय पर धारदार हथियारों से हमला करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। इसमें किसान घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित के भाई की तहरीर पर एक ही परिवार के नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। घायल की हालत को गंभीर देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया।
शनिवार शाम करीब 6:30 बजे संजय अपने घर पर बैठा था। बताया कि उसके साथ गांव का ही ब्रह्मपाल भी मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के जगपाल, उसका बेटा प्रदीप, अमित, उसका बेटा सागर, तीन सगे भाई रोहित, सोहित और मोहित, तथा शोका और रामदास बंदूक, राइफल और धारदार हथियार लेकर मौके पर पहुंचे और संजय पर हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने संजय को जमीन पर गिराकर मारपीट की। अमित और जगपाल ने उसके गले पर पैर रखकर जान से मारने का प्रयास किया। इसी दौरान हमलावरों ने 10-12 राउंड फायरिंग भी की, हमले में संजय घायल हो गया। घटना के दौरान ब्रह्मपाल किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकला और उसने संजय के भाई लोकेश कुमार को फोन पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही लोकेश कुमार परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल संजय को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार, लोकेश कुमार की तहरीर पर आरोपी जगपाल, प्रदीप, अमित, सागर, रोहित, सोहित, मोहित, शोका और रामदास निवासी हिंगोखेड़ी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।