शामली। शहर के रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को उदयपुर सिटी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आकर बुजुर्ग अविवाहित देवेंद्र (65) की मौत हो गई। बुजुर्ग चलती ट्रेन से उतरते समय हादसे का शिकार हो गया। उधर, दोपहर में सिंभालका आउटर के निकट मालगाड़ी से कटकर 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान नहीं हुई है। इस दौरान करीब 10 मिनट मालगाड़ी रुकी रही और फाटक बंद होने से दोनों तरफ वाहनों का जाम लगा रहा।
उदयपुर सिटी एक्सप्रेस ट्रेन सुबह साढ़े नौ बजे शामली स्टेशन पर पहुंची। करीब 15 मिनट रुकने के बाद जैसे ही ट्रेन ऋषिकेश के लिए रवाना हुई तो उसी समय बुजुर्ग व्यक्ति ट्रेन से उतरने लगा। उतरते समय वह गिर गया और ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मृतक की जेब से मिले कागजों के आधार पर उसकी पहचान देवेंद्र निवासी गांव रणधेड़ी थाना गंगोह जिला सहारनपुर के रूप में हुई। पुलिस की सूचना पर परिजन शामली पहुंचे। परिजनों ने बताया कि देवेंद्र अविवाहित थे और शामली से घर जाने के लिए स्टेशन पर गए थे। माना जा रहा है कि वे एक्सप्रेस ट्रेन में गलती से चढ़ गए और ट्रेन के चलने पर जल्दबादी में उतरते समय हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
उधर, दोपहर करीब साढ़े तीन बजे दिल्ली से चलकर शामली होते हुए मालगाड़ी कोयला लेकर सहारनपुर की तरफ जा रही थी। जब वह बुढ़ाना रोड स्थित रेलवे फाटक से करीब 800 मीटर पहले आउटर के निकट पहुंची तो 35 वर्षीय युवक अचानक मालगाड़ी के सामने कूद गया। मालगाड़ी की चपेट में आकर युवक गंभीर घायल हो गया। मालगाड़ी के चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर मौके पर रोक दिया और स्टेशन मास्टर को सूचना दी। मालगाड़ी आने पर फाटक को बंद किया गया था। 10 मिनट बाद मालगाड़ी रवाना होने के बाद फाटक खोला गया। इस दौरान वाहनों का जाम लगा रहा। जीआरपी और आरपीएफ मौके पर पहुंची और घायल को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि युवक की पहचान नहीं हो सकी है। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।