शामली। राष्ट्रीय हरित अधिकरण के आदेश के अनुपालन में शुक्रवार को ग्राम बीबीपुर हटिया में वन भूमि पर अवैध रूप से बने शमशाद के आवासीय निर्माण को वन विभाग द्वारा ध्वस्त कर दिया गया।
क्षेत्रीय वन अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि इस कार्रवाई का मकसद वन भूमि पर अतिक्रमण रोकना और पर्यावरण संरक्षण के नियमों का पालन सुनिश्चित करना बताया गया है। एनजीटी के विचाराधीन आवेदन के तहत जनपद शामली के सात ग्रामों में जिलाधिकारी और वन विभाग के निर्देश पर राजस्व और वन विभाग ने संयुक्त रूप से स्थलीय पैमाइश और अभिलेखीय जांच की थी। जांच में लगभग 13 हेक्टेयर वन भूमि पर पक्का और स्थायी अतिक्रमण पाया गया, जिसे हटाने की कार्रवाई चरणबद्ध रूप से जारी है।
जिलाधिकारी अरविंद चौहान ने बताया कि एनजीटी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पांच जनवरी 2026 तक सभी अवैध अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और इसकी रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत की जाएगी। वन विभाग ने जनता से अपील की है कि वे वन भूमि पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण से बचें और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें।