शामली। जिले में दो अलग-अलग मामलों में दहेज लोभी ससुरालियों ने विवाहिताओं को मारपीट और घर से निकालकर उत्पीड़ित किया। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहले मामले में शहर के मोहल्ला पंसारियान निवासी सोनिया ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी वर्ष 2017 में हरियाणा के फरीदाबाद निवासी राहुल से हुई थी। शादी में परिवार ने लगभग 30 लाख रुपये खर्च किए, लेकिन दिए गए दहेज से पति और ससुराल के अन्य सदस्यों ननद पूर्णिमा, कुसुमलता, राजबाला, सुनीता, रजनी, शारदा, जेठानी वंदना, जेठ मनोज, सुंदर, ननदोई अक्षत और अविनाश संतुष्ट नहीं थे। सोनिया के अनुसार उसकी ननद फिल्म उद्योग से जुड़ी होने के कारण ससुराल में हस्तक्षेप करती थी और लगातार अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये और स्कार्पियो कार की मांग करती रही।
दूसरे मामले में गढ़ीपुख्ता के दुल्लाखेडी निवासी प्रमोद कुमार ने बताया कि उनकी पुत्री मीरा की शादी वर्ष 2012 में सहारनपुर के बड़गांव के शिमलाना निवासी कुलदीप के साथ हुई थी।
शादी में एक आल्टो कार, एक लाख रुपये नकद और अन्य दहेज की चीजें दी गईं लेकिन ससुरालियों ने बार-बार कार की मांग करते हुए मीरा को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया। करीब दो माह पहले उन्हें पता चला कि उनके दामाद कुलदीप ने दूसरी शादी कर ली है।