शामली। साइबर ठगों ने दो युवकों को शादी के निमंत्रण का झांसा देकर व्हाट्सएप पर डॉटएपीके फाइल भेजकर ठगी करने का प्रयास किया। हालांकि, दोनों ने फाइल पर क्लिक नहीं किया और तुरंत साइबर सेल को मामले की शिकायत की।
नगर के सीबी गुप्ता कॉलोनी निवासी राजेंद्र और बुढ़ाना रोड के रामबीर ने बताया कि 24 नवंबर को एक अनजान नंबर से उनके मोबाइल पर 30 नवंबर को होने वाली शादी के निमंत्रण के लिए फाइल भेजी गई थी। फाइल डाउनलोड करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन दोनों ने सतर्कता दिखाते हुए इसे डाउनलोड नहीं किया।
युवकों ने कहा कि इस तरह की फाइल भेजने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
एसपी एनपी सिंह ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अनजान नंबर से आने वाली कॉल और व्हाट्सएप फाइल को कभी न खोलें। ऐसे मामलों की शिकायत तुरंत 1930 पर दर्ज कराएं ताकि साइबर सेल कार्रवाई कर सके।