शामली। पुलिस ने ग्राम लिलौन में हुई महिला की गैर इरादतन हत्या के मामले में बृहस्पतिवार को वांछित चल रहे आरोपी इमरान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का चालान कर दिया गया।
18 नवंबर को बागपत के असारा की रहने वाला वकीलू, अपनी पत्नी रुकसाना तथा पुत्र आरिफ और शाकिब के साथ अपनी बेटी के ससुराल गांव लिलौन आया हुआ था। यहां बेटी के ससुरालियों से विवाद के दौरान गाली-गलौच और मारपीट की गई। आरोप है कि इसी झगड़े के दौरान रुकसाना को छत से नीचे धक्का दे दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने मृतका के दामाद समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में वांछित चल रहे आरोपी मृतका की बेटी के देवर इमरान को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।