शामली। राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के आरोप में अहमदाबाद एटीएस द्वारा पकड़े गए आजाद प्रकरण के बाद पुलिस और जांच एजेंसियां जिले में आने वाली तब्लीगी जमात और अन्य समूहों पर कड़ी निगरानी रखेंगी। इसके लिए तीन टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जांच एजेंसियों को पता चला कि पकड़ा गया आजाद हाल ही में कोलकाता की जमात में गया था और वहां से कई लोगों को कॉल की गई थी। हालांकि, जमात में शामिल अन्य लोगों की कोई संदिग्ध गतिविधियां अभी तक सामने नहीं आई हैं।
पुलिस ने निर्देश दिए हैं कि जिले में आने वाली किसी भी जमात पर निगरानी रखी जाए। बाहर से आने वाले जमात सदस्यों की जानकारी संबंधित थाने को दी जाएगी और जमात आगमन से पहले अनुमति भी ली जाएगी। इसके साथ ही जमात में शामिल लोगों को अपने जिले की पुलिस से चरित्र सत्यापन प्रमाणपत्र भी लाना होगा।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वाले कई लोग भी रडार पर हैं। यदि कोई ऐसा पोस्ट करता है, तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।