झिंझाना। गुजरात एटीएस द्वारा राष्ट्र गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किए गए कस्बा निवासी आजाद के परिजनों का कहना है कि उनका फिलहाल गुजरात जाने से कोई इरादा नहीं है।
नौ नवंबर को गिरफ्तारी के बाद आजाद ने एटीएस अधिकारियों के फोन से दूसरी बार शनिवार रात को परिजनों से बात की थी। दोनाें बार में आजाद ने अपने पिता सुलेमान और भाई शहजाद को गुजरात बुलाया, लेकिन परिजन लगातार चुप्पी साधे हुए हैं और वहां जाने से बच रहे हैं।
शहजाद का कहना है कि आजाद की गिरफ्तारी से वे परेशान हैं और क्या करना है, इसको लेकर उलझन में हैं। इसी वजह से वे तुरंत गुजरात नहीं जा पाए। वहीं आजाद भी फोन पर परिजनों से मिलने की इच्छा व्यक्त कर चुका है। उधर, आजाद की गिरफ्तारी के बाद खुफिया विभाग और स्थानीय पुलिस उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल के आधार पर उसके संपर्कों की जांच कर रही है।