थानाभवन/हसनपुर लुहारी। क्षेत्र के गांव हसनपुर लुहारी में बेर के बाग में युवक को पेड़ से बांधकर बेरहमी से बेल्टों व डंडों से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पलिस ने जांच के बाद पीड़ित युवक की तहरीर पर पुलिस ने पांच युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
सोशल मीडिया पर मंगलवार देर रात को वीडियो वायरल हुआ। इसमें कुछ युवक एक युवक को डंडों व बेल्टों से बेरहमी से पीट रहे हैं। युवक आरोपियों से पैर पकड़कर माफी मांग रहा है और छोड़ने की गुहार लगा रहा लेकिन आरोपियों पर इसका कोई असर नहीं हुआ और वे युवक की पिटाई करते रहे। वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने मामले की जांच की तो वीडियो हसनपुर लुहारी गांव का पाया गया। पीड़ित युवक की पहचान गांव निवासी सचिन के रूप में हुई है। सचिन ने पुलिस को बताया कि उसके पड़ोस के कुछ युवकों ने दावत के बहाने गांव के पास स्थित बेर के बाग में बुलाकर उसकी पिटाई की थी। पीड़ित ने पांच युवकों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सचिन ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसे धमकी दी थी कि यदि उसने घटना की जानकारी किसी को दी या थाने में शिकायत की तो उसे जान से मार देंगे। डर के कारण सचिन घटना के बाद अपने काम पर चला गया और परिजनों को भी कुछ नहीं बताया। जांच के दौरान पुलिस ने सचिन को उसके कार्यस्थल से बुलाकर जानकारी ली। सचिन ने बताया कि वह 5-6 वर्ष से गुरुग्राम में फैक्टरी में काम करता है और 26 अक्तूबर को अपने घर आया हुआ था। उसने पुलिस को बताया कि घटना से पहले दिन उसके दोस्त के यहां जन्म दिन का कार्यक्रम था। उसमें आरोपियों से कहासुनी हो गई थी। इससे अगले दिन उसे धोखे से दावत के बहाने बुलाकर उसकी पिटाई की।