शामली। झिंझाना क्षेत्र में भोगी माजरा-मछरौली मार्ग पर 10 दिन पहले पुलिस और एसओजी टीम के साथ मुठभेड़ में मारा गया एक लाख का इनामी बदमाश फैसल के कब्जे से मिली बाइक चोरी की निकली। पुलिस ने फैसल को कुख्यात माफिया मुख्तार अंंसारी गिरोह का सदस्य बताया था।
23 अक्तूबर की रात को झिंझाना पुलिस एवं एसओजी टीम के साथ मुठभेड़ में एक लाख के इनामी फैसल निवासी मेरठ हाल पता खादर वाला थाना खालापार मुजफ्फरनगर मारा गया था। उसका एक साथी मौके से भाग गया था। पुलिस की टीमें उसी दिन से मौके से भागे बदमाश की तलाश में लगी हैं। एसपी एनपी सिंह ने बताया कि बदमाश फैसल के कब्जे से जो बाइक बरामद हुई थी, वह चोरी की पाई गई है।
वह बाइक मेरठ के व्यक्ति के नाम पर पाई गई है। एसपी ने बताया कि फैसल का बिहार व पूर्वांचल के बदमाशों से कनेक्शन खंगाला जा रहा है।
मुठभेड़ के दौरान मौके से भागा बदमाश पूर्वांचल या बिहार के किसी जिले का भी हो सकता है। बदमाश की पहचान के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।