शामली। सीएचसी शामली के चिकित्साधीक्षक डॉ. दीपक कुमार के कैंप कार्यालय से 11 दिन पहले साढ़े पांच लाख रुपये चोरी हो गए थे। इस मामले में शहर कोतवाली में अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस अभी तक इस घटना का खुलासा नहीं कर पाई है।
घटना का खुलासा न होने से बुधवार को सीएचसी के चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों ने ओपीडी बंद कर एक घंटे तक शहर कोतवाली में धरना दिया था। धरने के दौरान आक्रोशित चिकित्साधीक्षक डॉ. दीपक कुमार ने पुलिस मुठभेड़ पर सवाल उठाते हुए कहा था कि पुलिस मुलजिम को 20 गोली मारकर लाती है और सीओ व एसपी खड़े होकर जबरदस्ती एक गोली लिखवाते हैं। डॉक्टर दीपक का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस मामले में डॉ. दीपक का दूसरा वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में डॉ. दीपक कह रहे हैं कि एक वीडियो उनके संज्ञान में आया है, जो फेक है। इस वीडियो से उनका कोई लेना देना नहीं है। 2025 के किसी भी एनकाउंटर के पोस्टमार्टम में वे सम्मिलित नहीं रहे हैं। मेरा इलाज चल रहा है और वह तनाव में हैं और दिमागी रूप से परेशान रहते हैं। किसी ने अनजाने में कुछ बुलवा लिया। इससे उनका कोई लेना देना नहीं है। इस संबंध में वे कुछ नहीं कहना चाहते। उधर, पुलिस का कहना है कि चोरी के आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
-