शामली। तीन दिन पहले झिंझाना क्षेत्र में पुलिस व एसओजी के साथ मुठभेड़ में मारे गए कुख्यात संजीव जीवा गैंग के एक लाख के इनामी बदमाश फैसल व उसके साथी की संपत्ति की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अगर अवैध तरीके से अर्जित की गई संपत्ति मिलती है तो उसके जब्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। उधर, पुलिस के रडार पर फैसल के संपर्क में रहने वाले लोग भी हैं। उनकी भी पुलिस जांच कर रही है।
मूल रूप से मेरठ निवासी फैसल को बृहस्पतिवार रात को झिंझाना क्षेत्र में भोगी माजरा मछरौल मार्ग पर पुलिस व एसओजी मुठभेड़ में मारा गया था। फैसल वर्तमान में मुजफ्फरनगर के खादरवाला खालापार में रह रहा था। मौके से उसका साथी भाग गया था। पुलिस टीमें मेरठ, मुजफ्फरनगर समेत आसपास के जनपदों में भागे बदमाश की तलाश में जुटी हैं। एसपी एनपी सिंह ने बताया कि कुख्यात माफिया मुख्तार अंसारी व संजीव जीवा गैंग के शूटर फैसल के परिवार व उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की छानबीन चल रही है। संपर्क में रहने वाले लोगों के मोबाइल की सीडीआर निकलवाई जा रही है। इस गैंग में शामिल अन्य बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही हैं। एसपी का कहना कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।