झिंझाना। चौसाना में बिजलीघर के पास ओवरलोड रेत से लदे डंपर ने स्कूटी सवार किसान को कुचलकर घायल कर दिया। परिजनों ने उसे पहले करनाल और बाद में चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती कराया है।
चौसाना निवासी रज्जाक शनिवार देर रात स्कूटी से सुंदरनगर जा रहे थे। बिजलीघर के निकट सामने से आ रहे रेत से लदे डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी, जिसमें पहिये के नीचे आकर दोनों पैर कुचले जाने से गंभीर घायल हो गए। घायल को परिजनों ने पहले करनाल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद चालक डंपर समेत मौके से भाग गया। घायल के भतीजे शाकिर ने चौसाना चौकी पर तहरीर देकर डंपर चालक और वाहन स्वामी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही प्रशासन से बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड डंपरों पर रोक लगाने की मांग की।
-