कैराना। मोहल्ला खैलकला के सलमान की मौत के बाद उसकी पत्नी खुशनुमा और साबिर ने दिल्ली में निकाह की तैयारी कर ली थी। खुशनुमा पिछले चार माह से लगातार सलमान पर तलाक के लिए दबाव बना रही थी, मगर वह हर बार तलाक देने से इन्कार कर देता था।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी खुशनुमा ने खुलासा किया कि साबिर से प्रेम प्रसंग के बाद पिछले चार माह में उसने पति सलमान से चार बार तलाक मांगा था। वह साबिर से निकाह करना चाहती थी, मगर हर बार सलमान उसे तलाक देने से इन्कार कर देता था। यही नहीं, उसकी पिटाई भी करता था। अब जैसे ही उसे सोशल मीडिया के माध्यम से पता चला कि पति और बच्चों ने आत्महत्या कर ली है तो उसने और प्रेमी ने दिल्ली में जाकर निकाह करने की बात तय की। तय किया गया कि कैराना या फिर जौला में वह कभी भी लौटकर नहीं आएंगे।
कैराना से जाने के दौरान वे शुरुआत में तो जौला में रहे। इसके बाद शामली और हरियाणा के करनाल में भी एक मकान में शरण ली। पुलिस के अनुसार व्हाट्सएप पर भी साबिर और खुशनुमा एक दूसरे के संपर्क में थे, जिसके कारण पुलिस उन तक पहुंच सकी।
महंगे शौक ने पति से कराया जुदा
आरोपी पत्नी ने खुलासा किया कि साबिर उसे हर 15वें दिन महंगे कपड़े और अन्य सामान की खरीदारी कराता था, जबकि पति बार-बार कहने के बावजूद कपड़े नहीं दिलाता था। उल्टा उस पर गुस्सा हो जाता था, जिसके कारण उसने प्रेमी से ही निकाह करने का निर्णय लिया था।
....
पंजाब से भी भाग आई थी
पुलिस की जांंच में पता चला है कि कुछ दिन पूर्व सलमान अपनी पत्नी को पंजाब लेकर चला गया था, मगर प्रेमी से बात नहीं होने के कारण वह बहाना बनाकर वापस कैराना ही लौट आई। पंजाब के लुधियाना में वह किराये का मकान लेकर रहे थे।
....
दो बार दी थी आत्महत्या की धमकी, मगर अनसुना कर दिया था
महिला ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसे पति ने दो बार आत्महत्या की धमकी दी थी। कहा था कि यदि वह प्रेमी को नहीं छोड़ेगी तो वह आत्महत्या कर लेगा, मगर उसने इस पर ध्यान नहीं दिया था। यदि पता होता कि आत्महत्या कर लेगा तो शायद वह प्रेमी के साथ उस दिन नहीं जाती।