संवाद न्यूज एजेंसी
कैराना। शादी के समय सात जन्मों का साथ निभाने की कसम खाने वाली विवाहिताएं अब चंद दिनों में ही प्रेमी के जाल में फंसकर अपना घरौंदा बर्बाद कर रही हैं। शामली में पत्नियां अब प्रेमियों संग मिलकर पति की हत्या करने से भी पीछे नहीं हैं। सलमान ने पत्नी पर बेवफाई का आरोप लगा कर चारों बच्चों समेत आत्मघाती कदम उठाया।
सात अगस्त को सोनीपत निवासी शाहनवाज की हत्या भी कैराना में गोली और तेजधार हथियारों से कर दी थी, जिसमें उसकी पत्नी ने ही अपने प्रेमी तसव्वुर और उसके साथियों के साथ साजिश रचकर पति का कत्ल कराया था। हालांकि बाद में पुलिस ने आरोपी पत्नी और प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया था।
इसी तरह शहर के सलेक विहार में आठ जून को भी बिरयानी विक्रेता खुर्शीद पर उसकी पत्नी ने सोते समय छुरे से वार कर हत्या का प्रयास किया था, लेकिन खुर्शीद की आंख खुल जाने से वह बच गया। मामले में कोतवाली पर रिपोर्ट दर्ज है। मार्च में मेरठ का सौरभ हत्याकांड पूरे देश में चर्चित है। यहां मुस्कान ने प्रेमी संग मिलकर पति सौरभ की हत्या की थी। उसके शव के टुकड़े कर ड्रम में छिपाया गया था।