कैराना। चेकिंग के दौरान कैराना पुलिस की गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें एक गो तस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि तीन आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, बाइक व मांस बरामद किया है।
शनिवार की देर रात कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि पानीपत की ओर से गो तस्कर आ रहे हैं, जिस पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस टीम के साथ रामड़ा बाईपास के निकट चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस ने पानीपत की ओर से आ रही संदिग्ध बाइक व स्कूटी को रोकने का प्रयास किया तो आरोपी पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए रामडा रोड पर भाग निकले।
पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें शानू उर्फ सोनू निवासी मोहल्ला आलकलां कैराना पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया और सरकारी अस्पताल में उपचार कराया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, दो कारतूस, एक खोखा, बाइक, पशु कटान के उपकरण व लगभग 10 किलोग्राम मांस बरामद किया है। इस मौके से आबूजर निवासी छड़ियान सहित तीन आरोपी भाग गए। एएसपी संतोष कुमार सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस मौके से भागे आरोपियों की तलाश में जुटी है।