थानाभवन। गांव मुल्लापुर निवासी अर्जुन सिंह ने थाना में तहरीर देकर अस्पताल कॉलोनी निवासी एक बाइक सवार पर मारपीट का आरोप लगाया है। अर्जुन का कहना है कि वह ननौता कस्बे में सरकारी एंबुलेंस के ड्राइवर हैं।
मंगलवार रात करीब नौ बजे तबीयत खराब होने के कारण वह सरकारी अस्पताल दवाई लेने जा रहे थे। गेस्ट हाउस के पास सड़क पर कुत्ता आ जाने पर हॉर्न बजाने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद आरोपी अपने साथियों को बुलाकर दोबारा हमला करने लगे। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक आरोपी व उसके साथी मौके से जा चुके थे।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।