झिंझाना। ऊन रोड पर मंगलवार देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने गोली लगने से घायल एक जिलाबदर अपराधी चमन निवासी डेरा भानू गांव सींगरा को दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गए। पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद की है।
देर रात झिंझाना पुलिस ऊन रोड स्थित टाइल फैक्टरी के निकट चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखे। रुकने का इशारा करने पर आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से चमन घायल हो गया।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि चमन कुख्यात और जिलाबदर अपराधी है। उसके खिलाफ झिंझाना और आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में करीब आधा दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। घायल को पुलिस ने उपचार के लिए ऊन सीएचसी में भर्ती कराया है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।