शामली। मोहल्ला गगन विहार में तेज रफ्तार कार गली में खड़ी कार से टकराकर फिल्मी स्टाइल में पलट गई। लोगों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस हादसे में कार सवार चार लोग सकुशल बच गए, जबकि गली में खड़ी कार के पीछे बैठा एक मजदूर को हल्की चोट आई है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह मामला शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे का बताया गया है। गगन विहार की गली से एक कार तेज रफ्तार से जा रही थी। उसी दौरान गली में एक घर के बाहर साइड में खड़ी कार से टकरा गई और पलट गई। कार पलटने के दौरान तेज आवाज होने पर आसपास घरों में रहने वाले लोग बाहर निकले और कार में फंसे लोगों को पलटी कार की ऊपर की तरफ वाली खिड़की से बाहर निकाला। मोहल्लेवासियों के अनुसार कार में चालक और स्कूल के छात्र समेत चार लोग सवार थे। चारों सुरक्षित बाहर निकल गए। कार में सवार लोग किसी गांव के बताए गए हैं। उधर, गली में खड़ी कार के पीछे एक मजदूर आराम कर रहा था। टक्कर लगने के दौरान पीछे को कार हटने से वह मामूली रूप से घायल हो गया। लोगाें ने कार को सीधा किया। इसके बाद उसमें सवार लोग कार को लेकर चले गए। यह घटना आसपास मकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस को इस मामले में कोई शिकायत नहीं की गई है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि उस समय गली में कोई व्यक्ति नहीं था, वरना कार की चपेट में आ सकता था। लोगों ने गली में स्पीड ब्रेकर की मांग की है ताकि भविष्य में कोई वाहन तेज गति से न दौड़ सके और इस तरह के हादसे से होने से बचा जा सके।