कैराना। कस्बे के मुगल गार्डन बैंक्वेट हॉल में वलीमे की दावत में संरक्षित पशु के मांस से खाना बनाने के आरोपी एक और हलवाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस मामले में दूल्हा समेत सात आरोपियों को पूर्व गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक आरोपी न्यायालय में समर्पण कर जेल जा चुका है।
पुलिस ने 18 जून की रात यमुना नदी किनारे संरक्षित पशु के कटान का मामला पकड़ा था। इसके बाद पुलिस ने मोहल्ला रेता वाला में मुगल गार्डन बैंक्वेट हॉल पर छापा मारा था। मुगल गार्डन में मोहल्ला छड़ियान निवासी फरमान की वलीमे की दावत का कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें संरक्षित पशु के मांस से बना खाना परोसा जा रहा था। पुलिस ने दहेज में मिली स्कॉर्पियो गाड़ी को सीज करने के साथ ही दूल्हे फरमान और उसके मामा सलमान को गिरफ्तार कर लिया था। इसके अगले दिन पुलिस ने मुगल गार्डन के मालिक हाजी अनीस को भी गिरफ्तार कर लिया था। बाद में पुलिस ने संरक्षित पशु के मांस से खाना बनाने वाले हलवाई खलील फरीदी को गिरफ्तार किया था। तीन दिन पहले पुलिस ने मथुरा से दूल्हे के पिता फुरकान और उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया था। इसके अलावा वांछित आरोपी साबू कुरैशी कोर्ट में समर्पण कर जेल चला गया। रविवार को पुलिस ने मामले में वांछित हलवाई के साथी सादिक निवासी मोहल्ला खैल कला को गिरफ्तार कर लिया। सीओ हेमंत कुमार ने बताया कि संरक्षित पशु के मांस से खाना बनाने के प्रकरण में एक और हलवाई सादिक को गिरफ्तार करके चालान कर दिया।
-
मुगल गार्डन नहीं तोड़ा गया तो हिंदू पंचायत की होगी घोषणा
शामली। जिला मुजफ्फरनगर के बघरा स्थित योग साधना आश्रम के पीठाधीश्वर यशवीर महाराज ने कहा कि
पुलिस ने मुगल गार्डन में संरक्षित पशु के मांस से खाना बनाने वाले एक और आरोपी सादिक को गिरफ्तार किया। इसके लिए कैराना पुलिस का धन्यवाद है। साथ ही उन्होंने कहा कि उनका मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण से अनुरोध है कि उन्होंने मुगल गार्डन को जो अवैध मानते हुए सील किया है, इस पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई शुरू करे। यदि इस मुगल गार्डन को नहीं तोड़ा गया तो तीन-चार दिन के बाद मुगल गार्डन के बाहर होने वाली हिंदू पंचायत की घोषणा की जाएगी।
-