कैराना। सोनीपत जिले में मई 2025 में रंजिश के चलते हुए अजय हत्याकांड में प्रयुक्त अवैध तमंचों की खरीद कैराना क्षेत्र से किए जाने की पुष्टि पर मंगलवार को हरियाणा सीआईए ने स्थानीय पुलिस के साथ कैराना क्षेत्र में दबिश दी। हालांकि तमंचा सप्लायर हाथ नहीं लगा, जिसके बाद टीम को वापस लौटना पड़ा।
सोनीपत की सीआईए-1 टीम के एसआई बिजेश्वर कुमार टीम और हत्यारोपी रविंद्र उर्फ काला के साथ कोतवाली कैराना पहुंची और आमद दर्ज कराई। बताया कि सोनीपत के गांव इशोपुर खीरी निवासी अशोक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 मई 2025 को उसका भाई अजय अपनी पत्नी आरती और एक साल की बेटी काव्या के साथ दवाई लेने इंदू हॉस्पिटल गया था। इसी दौरान घात लगाए बैठे दो हमलावरों ने गाड़ी से उतरते ही अजय को गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया था।
मामले में लगभग 15 नामजद आरोपियों पर हत्या और अवैध हथियार रखने की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। जांच में सामने आया कि हत्या में प्रयुक्त तमंचे कैराना क्षेत्र से खरीदे गए थे। हत्यारोपी रविंद्र उर्फ काला ने इस संबंध में पुलिस को जानकारी दी, जिसके आधार पर हरियाणा सीआईए ने कैराना क्षेत्र में छापामारी की। हालांकि सप्लायर नहीं मिला।
स्थानीय पुलिस के सहयोग से की गई दबिश के बाद टीम वापस हरियाणा लौट गई। पुलिस अब तमंचा सप्लायर की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर रही है।