कैराना। पुलिस ने यमुना पुल पर चेकिंग के दौरान कार से पटाखों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पटाखों को सहारनपुर से लेकर पानीपत लेकर जा रहा था। आरोपी के पास पटाखों का भंडारण करने व बेचने संंबंधी लाइसेंस न होने से उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस यमुना पुल पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने कैराना की ओर से जा रही एक कार को रुकने का इशारा किया तो आरोपी कार चालक ने गति बढ़ा दी। पुलिस ने कार का पीछा करके पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने कार के अंदर से पांच कार्टून में 800 पैकिट बुलेट का बाप बम और एक कार्टून के अंदर से 300 पैकिट बिग बुलेट बम बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विपिन निवासी बलजीत नगर पानीपत हरियाणा बताया। पूछताछ में आरोपी विपिन ने बताया कि वह सहारनपुर से पटाखे खरीद कर पानीपत में बेचने के लिए लेकर जा रहा था। आरोपी के पास पटाखों के भंडारण या बिक्री करने का लाइसेंस नहीं मिलने पर उसके विरुद्ध कार्रवाई की गई।