कोरोना संक्रमण रोकने को कंटेनमेंट जोन बनाए
शामली, कैराना। कैराना कस्बे में हर रोज कोरोना के मरीज बढ़ते जा रहे हैं। कोरोना संक्रमण फैलने से रोकने के लिए प्रशासन ने सराफा बाजार, मोहल्ला जैर अंसारियान, मोहल्ला बिसातियान, मोहल्ला ऑल खुर्द, मोहल्ला सरावज्ञान आदि में दोनों और के रास्तों पर बल्लियां लगाकर मोहल्लों को सील करते हुए कंटेनमेंट जोन बना दिया। इसके अलावा रात्रि में सीओ जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने प्रमुख चौराहों और रास्तों पर तैनात होकर लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के चालान किए और उन्हें सख्त हिदायत दी।
चार कोरोना संक्रमित मिले
कैराना। ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक अतुल गर्ग ने बताया कि शनिवार को कैराना सीएचसी व कस्बे के विभिन्न मोहल्लों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 101 लोगों की एंटीजन किट द्वारा कोरोना जांच की। इस दौरान चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्हें मेडिसिन किट देकर होम आइसोलेट कर दिया गया। इसके अलावा 84 लोगों के आरटीपीसीआर द्वारा सैंपल लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए।
268 लोगों को टीके लगाए
कैराना। शनिवार को कैराना सीएचसी पर 48 लोगों को कोरोनारोधी वैक्सीन लगाई गई। इसके अलावा पीएचसी भूरा पर 20, पीएचसी कंडेला पर 50, पीएचसी डुंडुखेडा पर 70 व पीएचसी ऊंचागांव पर 80 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।