थानाभवन। सलीम निवासी मोहल्ला छत्ताबंगला थानाभवन ने न्यायालय के आदेश पर थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि 15 मई को दोपहर छह अज्ञात बदमाश पिस्टल और रिवॉल्वर लेकर उनके घर में जबरन घुस आए।
उस समय घर में महिलाएं और बच्चे मौजूद थे। बदमाशों ने घर की महिलाओ की पिटाई कर उन्हें डराया-धमकाया और एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने घर के ताले तोड़कर अलमारी और बक्सों से करीब 6 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लूट लिए। लूटे गए सामान में सोने की चेन, अंगूठियां, पेंडल, टॉप्स तथा कानों के आभूषण शामिल बताए गए हैं।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बदमाशों ने महिलाओं और बच्चों को हथियार दिखाकर आतंकित किया तथा एक किशोरी के साथ अभद्र व्यवहार किया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने थाना थानाभवन पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की। मामले में सलीम ने न्यायालय के आदेश पर थाना भवन थाने में अज्ञात छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लो है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि सलीम के भाई दानिश के खिलाफ संभल थाने में नीट परीक्षा में सीट दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी का मामला दर्ज है जिसकी तलाश में संभल पुलिस थानाभवन आई थी। सीसी फुटेज आदि की जांच रिपोर्ट बनाई जा रही है जिसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।