मंडी की 30 दुकानों में और चार चबूतरों पर होगी मतगणना
शामली। विधानसभा चुनाव की मतगणना के मद्देनजर 30 दुकानें और चार नीलामी चबूतरों के अधिग्रहण के लिए खाली कराने को जिला प्रशासन ने नोटिस दिए हैं। 20 जनवरी तक सभी दुकानें, नीलामी चबूतरे खाली हो जाएंगे। कैराना विधान सभा की अलग चबूतरा में मतगणना होगी। शामली और थानाभवन विधानसभा की अलग चबूतरे पर मतगणना होगी।
विधानसभा चुनाव की मतगणना आगामी 10 मार्च को शामली कृषि उत्पादन मंडी परिसर में होगी। विधानसभा चुनाव में कृषि मंडी का डीएम जसजीत कौर, एडीएम संतोष कुमार सिंह एसपी सुकीर्ति माधव निरीक्षण कर चुके हैं। जिला प्रशासन ने मतगणना स्थल के लिए 30 दुकानें, चार नीलामी चबूतरों को खाली कराने के नोटिस दे दिए हैं। शामली व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव संगल ने बताया कि विधानसभा चुनाव 2022 की मतगणना के मद्देनजर 30 दुकानें, चार नीलामी चबूतरों को खाली कराने का नोटिस मिल गया है। मंडी के 3, 4, 5, 6 नंबर के नीलामी चबूतरे और एक नंबर से लेकर 30 नंबर तक ए श्रेणी की 30 दुकानें 20 जनवरी तक खाली हो जाएंगी। पचास प्रतिशत से ज्यादा दुकानें खाली हो चुकी हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रेम सिंह ने बताया कि शामली मंडी की मतगणना के लिए दुकानें खाली हो जाने के बाद बैरिकेडिंग का काम शुरु किया जाएगा।
विधायक के विरोध का वीडियो हुआ वायरल
शामली। सदर विधायक तेजेंद्र निर्वाल के जनसंपर्क के दौरान विरोध का एक वीडियो बुधवार को वायरल हो गया। इस वीडियो में विधायक किसी गांव में समर्थकों के साथ जनसंपर्क के लिए पहुंचे थे। वहां कुछ युवा रालोद के समर्थन में जबरदस्त नारेबाजी कर रहे हैं। विधायक हाथ जोड़कर समर्थकों के साथ बिना किसी एतराज के गांव से गुजर रहे हैं। देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गया।