शामली। अखिल भारतीय योगी नाथ उपाध्याय समाज सेवा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगी तेजपाल सिंह ने छह दिन पहले भाजपा के जिला मंत्री एवं वार्ड 16 के सभासद अनिल उपाध्याय की पिटाई करने के मामले में पुलिस-प्रशासन से वीडियो फुटेज के आधार पर निष्पक्ष जांच और नामजद सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो पांच दिन बाद धरना दिया जाएगा।
दिल्ली रोड स्थित बैंक्वेट हॉल में आयोजित बैठक में योगी तेजपाल सिंह ने कहा कि जनता से चुने गए सभासद को पालिकाध्यक्ष के सामने ही जान बचाकर पालिका कार्यालय से भागना पड़े तो इससे ज्यादा शर्मनाक घटना इस जिले के लिए कोई नहीं हो सकती।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से सभासद अनिल उपाध्याय पर हुए जानलेवा हमले की निष्पक्ष जांच कर एफआईआर में नामजद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पांच दिन बाद धरना देने की चेतावनी दी। बैठक में चमन उपाध्याय, साधुराम, नकुल, केपी सिंह, रवि हुड्डा, संजय उपाध्याय, दीपक, ओमवीर उपाध्याय, कुलदीप, मोहित, तेजपाल, निशिकांत संगल व रविकांत आदि मौजूद रहे।
विदित हो कि 19 सितंबर को पालिका कार्यालय में पालिकाध्यक्ष अरविंद संगल की मौजूदगी में नाला निर्माण को लेकर कौशांबी विहार के लोगों और सभासद अनिल उपाध्याय के बीच कहासुनी हो गई थी। इस दौरान पालिका से बाहर निकले सभासद की की लोगों ने पिटाई कर दी थी और एक महिला गिरेबान पकड़कर कोतवाली ले गई थी। इस मामले में सभासद की तरफ से पालिकाध्यक्ष समेत छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।