पेयजल की समस्या से नहीं मिल पाई निजात
शामली। शहर के मोहल्ला रेलपार जोन में पेयजल परियोजना का कार्य पूरा न होने के कारण इस बार भी गरमी में लोगों की पेयजल की समस्या दूर नहीं हो पाएगी। अधिकारियों का कहना है कि कोरोना के चलते काम प्रभावित हुआ है। शीघ्र ही परियोजना पूरी कर लोगों का इसका लाभ दिया जाएगा।
अमृत योजना के तहत रेलपार में 1.70 लाख लीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक, नई पाइप लाइन, पंप हाउस का निर्माण आदि कार्यों का प्रस्ताव शासन से स्वीकृत हुआ था। इसके लिए शासन से लगभग सात करोड़ 70 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हुआ था। करीब दो साल पहले ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। पिछले साल कोरोना की वजह से करीब पांच महीने निर्माण कार्य बंद रहा था। इसके बाद फिर काम शुरू हुआ तो इस बार फिर कोरोना काल में कुछ दिन तक काम बाधित रहा, जिसके चलते परियोजना का काम पूरा नहीं हुआ है।
रेलपार निवासी वार्ड सभासद परमेंद्र निर्वाल ने बताया कि अभी पालिका के नलकूप से पेयजल की सीधी सप्लाई होती है, लेकिन पानी का प्रेशर कम रहता है। पेयजल परियोजना पर काम चल रहा है। काम पूरा होने पर लोगों की पेयजल संबंधी समस्या का समाधान हो सकेगा।
परियोजना पूरी होने पर प्रेशर युक्त मिलेगा पानी
अभी तक रेलपार में पालिका के नलकूप से पेयजल की सीधी सप्लाई होती है। लोगों की समस्या है कि पानी का प्रेशर न होने के कारण पेयजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हो पाता। रेलपार क्षेत्र में पेयजल परियोजना पूरी होने पर लोगों को 24 घंटे प्रेशरयुक्त पानी मिल सकेगा।
पेयजल परियोजना में स्वीकृत कार्य
- एक ओवरहैड टैंक।
- दो पंप हाऊस।
- 13.711 किमी नई पाइप लाइन।
- 1135 गृह पेयजल संयोजन।
- एक स्टाफ क्वार्टर।
कोट
रेलपार जोन में पेयजल परियोजना का अधिकतर कार्य पूरा हो चुका है। पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। कोरोना के कारण बीच में काम बाधित हुआ है। जल्द ही रेलपार क्षेत्र के लोगों को 24 घंटे प्रेशर युक्त पानी मिलने लगेगा।
- जोगेंद्र सिंह, अरबन प्लानर अमृत योजना।