शहर के हर कोने में पहुंचा कोरोना, नहीं संभल रहे लोग
शामली। जनपद में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेज होती जा रही है। अभी तक जनपद में 294 केस कोरोना पॉजिटिव के सामने आ चुके हैं। शहर में शायद ही कोई कोना बचा हो, जहां कोरोना न पहुंचा हो। शहर में अब तक 50 से अधिक स्थान हॉटस्पॉट क्षेत्र बन चुके हैं। वर्तमान में भी 18 से अधिक स्थान हॉटस्पॉट क्षेत्र हैं।
जनपद में कोरोना संक्रमण तेजी से फैलता जा रहा है। इसके बाद भी लोग नहीं संभल रहे हैं। बाजार में लोगों की भीड़ में न सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो रहा है न ही कुछ लोग मास्क का प्रयोग कर रहे हैं। पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन इसके बाद भी लोग नहीं मान रहे हैं। शनिवार और रविवार को घोषित लॉकडाउन में भी दुकान और रेस्टोरेंट खुले मिलने पर पुलिस ने मुकदमे दर्ज किए। जनपद में अभी तक 294 केस कोरोना पॉजिटिव के मिल चुके है। शामली शहर का कोई कोना नहीं बचा जहां कोरोना ने दस्तक न दी हो। शहर में सबसे पहले तिमरसा नानुपुरा हॉटस्पॉट क्षेत्र बना। इसके बाद 50 से अधिक स्थान हॉटस्पॉट बन चुके हैं। मौजूदा समय में भी 18 से अधिक हॉटस्पॉट क्षेत्र हैं।
शहर में ये चल रहे हॉटस्पॉट
सरवर पीर में दो क्षेत्र, बड़ी आल, गणेश चौक में दो क्षेत्र, मंडी मार्शगंज, मंडी जवाहरगंज, काजीवाड़ा नया बाजार, बड़ा बाजार, रेशमी कटहरा, नौकुआं रोड, बरखंडी, कमला कालोनी, सीबी गुप्ता कालोनी, इंद्रा कालोनी, बुढ़ाना रोड, पंजाबी कालोनी, जैन मोहल्ला आदि शामिल हैं।
अब तक यहां बन चुके हॉटस्पॉट
तिमरसा, नानुपूरा, पंसारियान, सलेक विहार, बड़ी आल, विवेक विहार, माजरा रोड, शिव चौक, शांति नगर, सरवरपीर, पंजाबी कालोनी, रामसागर, मंडी ज्वाला गंज, जवाहर गंज, कृष्णा नगर, कौशांबी विहार, काजीवाड़ा, आर्यपुरी, कमला कालोनी, कलंदरशाह, काका नगर, जैन मोहल्ला, गणेश चौक, मनिहारन, छत्ता ब्राह्मणान, बुढ़ाना रोड, गोशाला रोड, बीच की आल, बरखंडी, सीबी गुप्ता कालोनी, इंद्रा कालोनी आदि।
हॉटस्पॉट की बेरिकेडिंग पर 2.80 लाख हो चुका है खर्च
नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शहर में हॉटस्पॉट क्षेत्रों की बेरिकेडिंग पर अब तक करीब 2.80 लाख रुपये का खर्चा आ चुका है। इसमें बेरिकेडिंग के सामान का किराया, मजदूरी आदि शामिल है। पहले पालिका बेरिकेडिंग के लिए चाली, बल्ली और बांस किराये पर ले रही थी, लेकिन जब कीमत से अधिक किराया बैठने लगा तो पालिका ने खुद ही चाली, बल्ली और बांस आदि की खरीद शुरू कर दी है। करीब 65 हजार रुपये की बेरिकेडिंग का सामान खरीदा गया है। इसके अलावा सैनिटाइजेशन, हैंड सैनिटाइजर, मास्क, ग्लब्स, ब्लीचिंग पाउडर आदि पर करीब 2.25 लाख रुपये का खर्च आ चुका है।