कोरोना पॉजिटिव किशोर के शव सुपुर्द ए खाक
शामली, बाबरी। बाबरी क्षेत्र के एक गांव में कोरोना संक्रमित मिले 11 वर्षीय किशोर का शव देर रात स्वास्थ्य टीम की मौजूदगी में प्रोटोकॉल के अनुसार सुपुर्द ए खाक किया गया। इस दौरान चार परिजन ही मौजूद रहे।
बाबरी क्षेत्र के गांव निवासी किशोर को 10 दिन पहले हाथ में चोट लगने पर पहले शामली, फिर मुजफ्फरनगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत गंभीर होने पर 14 जून को मेरठ मेडिकल में भर्ती कराया गया था। वहां से मंगलवार को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया था। चंडीगढ़ ले जाते समय रास्ते में किशोर की मौत हो गई थी। किशोर के सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने पर स्वास्थ्य टीम ने शव लेकर पहुंची गाड़ी को गांव के बाहर ही रोक लिया। इसके बाद स्वास्थ्य टीम की मौजूदगी में कोविड-19 के नियमानुसार सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए सभी ग्रामीणों को पुलिस प्रशासन ने दूर ही रोक दिया। स्वास्थ्य टीम ने मृतक किशोर के पिता, चाचा और मां को पीपीई किट दी। इसके बाद शव को सुपुर्द एक खाक किया गया। स्वास्थ्य टीम ने परिवार के चार सदस्यों को क्वारंटीन किया है। उधर, गांव में किशोर की मौत होने से गम का माहौल है, वहीं कोरोना संक्रमण को लेकर दहशत भी बनी है। लोग घरों के अंदर ही रहे और जरूरी काम होने पर ही बाहर निकले।