धरना-प्रदर्शन के लिए जनसंपर्क
शामली। एक अक्तूबर को जिला मुख्यालय पर होने वाले धरना-प्रदर्शन की सफलता के लिए रालोद ने ताकत झोंक दी है। पदाधिकारियों ने विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कर लोगों को कृषि कानून से होने वाले नुकसान की जानकारी दी।
मंगलवार को रालोद नेताओं ने कांधला ब्लाक के मखमुलपुर, किवाना, मतनावली, सुन्ना, डांगरोड, हुरमजपुर, शाहपुर आदि गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया। गांव डांगरोड में किसानों से जनसंपर्क करते हुए रालोद प्रदेश महासचिव सत्यवीर पवार ने कहा जो कृषि कानून सरकार ने बनाए हैं, वे किसान विरोधी हैं। रालोद नेता डा. विक्रांत जावला ने कहा रालोद गरीब, किसान, मजदूर की पार्टी है और ऐसे काले कानून का विरोध करती है।
एक अक्तूबर को कलक्ट्रेट में धरना को सफल बनाने का आह्वान किया। कांधला ब्लॉक अध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि अधिक से अधिक किसान अपने ट्रैक्टर-ट्राली लेकर सवेरे आठ बजे कांधला पहुंचें और वहां से जुलूस के रूप में माजरा रोड स्थित रालोद कार्यालय पर पहुंचेंगे। इसके बाद कलक्ट्रेट पर पहुंचकर प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान डांगरौल के पूर्व प्रधान सुधीर, धर्मपाल, राजपाल, हरकिशन, विनोद नाला, अरविंद भारसी आदि मौजूद रहे।