शामली क्षेत्र के गांव गोहरनी में गैस गोदाम पर सिलिंडेर न मिलने पर हंगामा करते उपभोक्ता । संवाद
शामली। जिले में रसोई गैस की किल्लत से उपभोक्ताओं को जूझना पड़ रहा है। गांव गोहरनी स्थित गोदाम पर रविवार सुबह से कतार में खड़े होने के बाद भी गैस सिलिंडर नहीं मिलने पर उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा किया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कुछ सिलिंडर का वितरण कर संचालक ने खत्म होना बता दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाली और उपभोक्ताओं को समझाकर शांत किया। पुलिस ने संचालक से कहा कि उपभोक्ताओं के नाम लिखकर प्राथमिकता पर सिलिंडर उपलब्ध कराएं।
रविवार सुबह सात बजे ही उपभोक्ता गोहरनी स्थित इंडेन गैस के गोदाम पर सिलिंडर लेने के लिए पहुंचे। वहां लंबी लाइन लगी थी। दोपहर तक भी उपभोक्ताओं काे सिलिंडर नहीं मिलने पर उनका धैर्य जवाब दे गया। उन्होंने जमकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। उपभोक्ताओं का कहना था कि सुबह गैस सिलिंडर लेकर गाड़ी आई थी, लेकिन एजेंसी संचालक ने कुछ उपभोक्ताओं को सिलिंडर देकर खत्म होने की बात कह दी। कई घंटे लाइन में लगने के बाद भी उन्हें सिलिंडर नहीं मिला।
आरोप लगाया कि कई-कई दिन तक चक्कर काटने के बाद भी गैस नहीं मिल रही है। उन्होंने गैस वितरण में गड़बड़ी का आरोप लगाया। शबाना ने बताया कि उसका पति सऊदी अरब में रहकर काम करता है। वह तीन दिन पहले गैस लेने आई थी, तब रविवार को सिलिंडर देने की बात कही थी। वह सात बजे से आई हुई है। दोपहर तक भी सिलिंडर नहीं मिला।
गोशाला रोड निवासी सुनीता ने कहा कि वह 15 दिन से आ रही है। हर बार गोदाम पर गैस न होना बता दिया जाता है। रोहित ने बताया कि वह एक सप्ताह से गैस सिलिंडर लेने के लिए गोदाम पर आ रहा है, लेकिन उसे अभी तक सिलिंडर नहीं मिला। आदर्श मंडी थाना पुलिस ने उपभोक्ताओं को समझाकर शांत किया। उपभोक्ताओं ने कहा कि गैस न मिलने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने गोदाम संचालक राहुल से वार्ता की और कहा कि जो उपभोक्ता आए हुए हैं, इनके नाम अंकित कर ले और जब भी गैस आए तो उन्हें प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। इसके बाद उपभोक्ता शांत हुए।
गोदाम संचालक राहुल कुमार ने बताया कि गैस वितरण में किसी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं है। जितने गैस सिलिंडर मिल रहे हैं। क्रमानुसार उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
शामली क्षेत्र के गांव गोहरनी में गैस गोदाम पर सिलिंडेर न मिलने पर हंगामा करते उपभोक्ता । संवाद