शामली, झिंझाना। क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाए जाने का काम शुरू हो गया है। हालांकि उपभोक्ताओं में अभी भी संशय की स्थिति बनी हुई है। खासकर, लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिल में अचानक बढ़ोतरी हो सकती है। उधर, ऊर्जा निगम के अधिकारी लोगों को नहीं घबराने की अपील कर रहे हैं।
एक सप्ताह में कस्बे के विभिन्न मोहल्लों से शुरू हुआ स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य जल्द ही सभी मोहल्लों में भी लागू हो जाएगा। मामले को लेकर गांव कमलपुर तथा खानपुर कलां में पिछले दिनों ग्रामीणों ने पंचायत कर स्मार्ट मीटर लगाने का पूर्ण रूप से बहिष्कार करने का निर्णय लिया था।
स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ता लियाकत राना, संजय शर्मा, शौकत राना, नसीम अली, तारीफ आलम आदि ने बताया कि नए मीटर के कारण बिलों में अत्यधिक वृद्धि हो सकती है और उन्हें अधिक पैसे चुकाने पड़ेंगे। कई उपभोक्ता इस नए मीटर को लेकर भ्रमित हैं और यह मानने को तैयार नहीं हैं कि स्मार्ट मीटर से सिर्फ उतनी ही खपत का बिल आएगा, जितनी बिजली खर्च की जाएगी।