शामली। दिल्ली-शामली-सहारनपुर हाईवे पर जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए शामली और बलवा में उपरिगामी पुल बनाए जाने की तैयारी तेज हो गई है। पंजाब की कंस्ट्रक्शन कंपनी को दोनों पुलों के निर्माण का कार्य सौंपा गया है। करीब 77 करोड़ रुपये की लागत से दोनों पुलों का निर्माण कराया जाएगा। कंपनी निर्माण कार्य के लिए प्लांट स्थापित करने हेतु भूमि की तलाश कर रही है।
बलवा में दिल्ली-शामली-सहारनपुर हाईवे पर पानीपत-खटीमा हाईवे का कंडेला-बलवा बाइपास क्रॉस करता है, जिससे अक्सर यातायात प्रभावित होता है। वहीं शामली में पानीपत-खटीमा हाईवे, बलवा-सिंभावली, सेहटा, सदर तहसील और साईं धाम मार्ग को जोड़ता है, जहां ट्रैफिक का दबाव अधिक रहता है।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा कराए गए सर्वेक्षण के बाद बलवा में और सदर तहसील के सामने दो उपरिगामी पुल के निर्माण की स्वीकृति दी है। दोनों पुलों के लिए ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। 77 करोड़ रुपये के दो पुलों का ठेका पंजाब की कंपनी को दिया गया है।
बागपत स्थित एनएचएआई इकाई के परियोजना निदेशक नरेंद्र सिंह ने बताया कि कंपनी जल्द ही बलवा और सदर तहसील क्षेत्र में पुल निर्माण कार्य शुरू करेगी। इससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा।