शामली। आखिरकार शामली रेलपार बाईपास का निर्माण अगले सप्ताह तक शुरू हो जाएगा। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की ओर से इस कार्य का टेंडर हो गया है। टेंडर चार एजेंसियों की तरफ से डाले गए थे, जिनमें से बागपत की चौधरी एसोसिएयट के नाम पर मोहर लगा दी है।
मुजफ्फरनगर मार्ग पर गुरुद्वारा तिराहा से लेकर मेरठ रोड पर बुढ़ाना रोड रेलवे क्रासिंग तक करीब 1400 मीटर लंबे बाईपास की हालत काफी समय से खराब थी। गहरे गड्ढे होने से आवागमन प्रभावित हो रहा था। इसके चलते रेलपार बाईपास के निर्माण का जिम्मा मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण को सौंपा गया था।
प्राधिकरण ने दो करोड़ 78 लाख रुपये का स्टीमेट तैयार किया था। बोर्ड बैठक में मंडलायुुक्त सहारनपुर ने निर्माण की स्वीकृति दे दी थी। ई- टेंडर प्रणाली के तहत चार निर्माण एजेंसी के टेंडर प्राप्त हुए थे। बुधवार को प्राधिकरण कार्यालय में तीन निर्माण एजेंसी के टेंडर निरस्त करके बागपत की निर्माण एजेंसी चौधरी एसोसिएयट को शामली रेलपार बाईपास की जिम्मेदारी दी गई है।
शामली प्राधिकरण कार्यालय के प्रभारी सुुशील शर्मा ने बताया कि रेलपार बाईपास निर्माण की जिम्मेदारी चौधरी एसोसिएयट बागपत को दी गई है। एक सप्ताह में निर्माण का वर्क आर्डर जारी करने की औपचारिकता पूूरी कर दी जाएगी। इस माह के दूसरे सप्ताह में निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि शामली रेलपार कई साल से क्षतिग्रस्त था। भारी वाहनों की आवाजाही ज्यादा होने के कारण उसकी हालत और खराब हो गई थी। गहरे गड्ढों के कारण लोगों को परेशानियां उठानी पड़ रही थी।