शामली। राजकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज शामली का एकेडमिक ब्लॉक निर्माण धनराशि के अभाव में अधर में लटका हुआ है। शासन से स्वीकृत कुल 9 करोड़ 40 लाख रुपये में से अब तक केवल 2 करोड़ 7 लाख रुपये ही अवमुक्त किए गए, जो खर्च हो चुके हैं। शेष 7 करोड़ 33 लाख रुपये की धनराशि अभी तक जारी न होने से परियोजना का भविष्य अधर में लटका नजर आ रहा है।
गढ़ी पुख्ता रोड स्थित कॉलेज में पिछले वर्ष (2024) एकेडमिक ब्लॉक निर्माण का कार्य शुरू किया गया था। निर्माण एजेंसी के रूप में उत्तर प्रदेश सिडको की सहारनपुर शाखा को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अवमुक्त धनराशि से निर्माण एजेंसी ब्लॉक का ढांचा खड़ा कर चुकी है, लेकिन पिछले चार माह से काम पूरी तरह ठप पड़ा है।
निर्माण एजेंसी के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार और सहायक अभियंता राहुल कुमार ने बताया कि धनराशि न मिलने से काम रुक गया है। परियोजना को 31 दिसंबर 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन मौजूदा हालात में यह लक्ष्य पूरा होना मुश्किल लगता है। कॉलेज के प्राचार्य जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस ब्लॉक में प्रयोगशालाएं, कार्यालय और पुस्तकालय का निर्माण होना है। प्राविधिक शिक्षा निदेशालय के अपर मुख्य सचिव विरेंद्र भूषण से अनुरोध किया गया है कि अवशेष 7 करोड़ 33 लाख रुपये जल्द से जल्द अवमुक्त किए जाएं ताकि परियोजना समय पर पूरी हो सके।