जलालाबाद। कस्बे के काला वाला घाट के पास कृष्णा नदी पर उमरपुर मार्ग में रपटा पुल और आरसीसी सड़क का निर्माण शुरू हो गया है। लंबे समय से चली आ रही ग्रामीणों की मांग पूरी होने से किसानों और आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
थानाभवन विधायक अशरफ अली के प्रयासों से मुख्यमंत्री त्वरित विकास योजना के तहत निर्माण कार्य को मंजूरी मिली है। विधायक के पुत्र शायान अली खान ने क्षेत्र के गण्यमान्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
इस मार्ग से उमरपुर, दखौड़ी, जमालपुर और इरशादपुर माजरा समेत कई गांवों के ग्रामीण और किसान रोजाना अपने खेतों और जलालाबाद कस्बे तक आते-जाते हैं। बरसात के दौरान कृष्णा नदी का जलस्तर बढ़ने से मार्ग पर पानी भर जाता था। कई बार ग्रामीणों का संपर्क भी कट जाता था। नगर पंचायत की ओर से बनाया गया अस्थायी पुल तेज बहाव में डूब जाता था, जिससे किसानों को फसल लाने-ले जाने में परेशानी होती थी।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार का कहना है कि निर्माण कार्य जल्द पूरा कर दिया जाएगा। पुल और आरसीसी सड़क बनने से किसानों को फसल लाने-ले जाने में सहूलियत मिलेगी। साथ ही आसपास के गांवों का जलालाबाद कस्बे से संपर्क बेहतर होगा और बरसात के दौरान आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।